रोहतक। किसान आंदोलन को लेकर मंडी (हिमाचल) लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रणौत के बयान की अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा राज्य कमेटी ने निंदा की है। संगठन की ओर से मांग की गई है कि सांसद या तो माफी मांगें अन्यथा किसान सभा प्रदेश भर में बीजेपी के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी। सांसद के बयान पर भाजपा की चुप्पी साधना दर्शाता है कि भाजपा की अपनी मानसिकता भी ऐसी ही है।
किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित सिंह ने बताया कि सांसद कंगना रणौत के किसानों की छवि बिगाड़ने वाले भड़काऊ बयान को लेकर प्रदेश के विभिन्न पुलिस थानों में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए अखिल भारतीय किसान सभा अपनी सभी जिला इकाइयों और हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा से परामर्श कर रही है। 13 महीने चले ऐतिहासिक आंदोलन से करोड़ों लोगों की आशाएं जुड़ी हुई थीं। इस संघर्ष के बाद ही प्रधानमंत्री को कृषि कानून रद्द करने पड़े थे।
प्रधान बोले-इस बार सांसद ने की हद पार
संगठन के प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब सांसद किसानों को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है। इस बार तो उन्होंने सारी हद को पार कर दिया। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सांसद अपने अनुचित और गलत बयानों के लिए तुरंत किसानों से बिना शर्त माफी मांगें अन्यथा उनके सार्वजनिक बहिष्कार का आह्वान करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।