जींद के नरवाना स्थित नवदीप स्टेडियम में आयोजित 8वीं हरियाणा राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन वीरवार को ट्रैक और फील्ड पर खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। शॉट पुट महिला वर्ग में सोनीपत की अंशु ने दमदार थ्रो कर स्वर्ण, रोहतक की खुशबू ने रजत और फरीदाबाद की मोनिका ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष ट्रिपल जंप में रोहतक के अजय ने स्वर्ण पदक झटका जबकि भिवानी के रणजीत ने रजत और भिवानी के अजय ने कांस्य पदक जीता। भाला फेंक में फरीदाबाद के यशराज ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में सोनीपत के अजय ने अपनी रफ्तार से सबको पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। जींद के बिट्टू ने रजत पदक हासिल किया जबकि फतेहाबाद के परवीन कुमार ने कांस्य अपने नाम किया।
महिला वर्ग में हिसार की अनीता ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं महेंद्रगढ़ की अंकिता ने रजत और सिरसा की पूजा ने कांस्य पदक जीता। 1500 मीटर दौड़ में पानीपत के आर्यन ने बाजी मारी। सोनीपत के अजय दूसरे और भिवानी के विशाल तीसरे स्थान पर रहे।
3000 मीटर स्टेपलचेज में झज्जर के धर्मेंद्र और महिला वर्ग में हिसार की सिमरन ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं 800 मीटर महिला दौड़ में गुरुग्राम की गीतिका दहिया ने जीत दर्ज की।
पुरुष वर्ग में सोनीपत के सूरज कुमार ने 10000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जबकि महिला वर्ग में सिरसा की पूजा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला वर्ग में भिवानी की सोनिका ने 200 मीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में सोनीपत के मोहित कुमार ने स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा हर्डल्स, हैमर थ्रो, डिस्कस थ्रो और हैप्टाथलॉन जैसे इवेंट्स में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप को यादगार बना दिया। यह प्रतियोगिता सिर्फ पदकों की दौड़ नहीं रही बल्कि हर खिलाड़ी के जुनून, मेहनत और सपनों की कहानी बन गई जिसने दर्शकों के दिलों में खेल के प्रति नई ऊर्जा भर दी।
तालियों गूंज उठा स्टेडियम
चैंपियनशिप के दूसरे दिन नवदीप स्टेडियम में मुख्य अतिथि बीजेपी नेता कर्ण प्रताप सिंह ने शिरकत की। खिलाड़ियों की मेहनत और जज़्बे को सलाम करते हुए उन्होंने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया जिससे पूरा स्टेडियम तालियों गूंज उठा।
विजेता खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आयोजन की कमान एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान ने संभाली, जिनके नेतृत्व में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह, निदेशक नरेंद्र मोर, उपाध्यक्ष जितेंद्र बांगर, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत, कोषाध्यक्ष जसवंत सिवाच और मुख्य चयनकर्ता यशपाल चोपड़ा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने विजेता खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
30जेएनडी11:दौड़ लगाते हुए धावक। संवाद।
30जेएनडी11:दौड़ लगाते हुए धावक। संवाद।