27सीटीके12...दिल्ली में होने वाले अखिल भारतीय छात्र सम्मेलन के लिए खाना होते एआईडीएसओ के सदस्य।
रोहतक। छात्र संगठन ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) का जत्था बुधवार को अखिल भारतीय छात्र सम्मेलन में शामिल होने के लिए रोहतक से दिल्ली पहुंचा। इसमें इतिहासकार प्रो. इरफान हबीब उद्घाटन करेंगें। लेखक प्रो. चमन लाल, सलाहकार भगत सिंह आर्काइव मुख्य अतिथि रहेंगें। पूर्व अध्यक्ष एआईडीएसओ अरुण कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता एआईडीएसओ के महासचिव सौरभ घोष करेंगे।
एआईडीएसओ के अध्यक्ष वीएन राजशेखर वक्ता रहेंगे। एआईडीएसओ के प्रदेश अध्यक्ष हरीश सैनी ने कहा सरकारी स्कूलों की तालाबंदी, फीस वृद्धि, विश्वविद्यालयों के ग्रांट को खत्म करने, शिक्षा के निजीकरण, व्यापारीकरण, सांप्रदायीकरण, केंद्रीकरण के खिलाफ और शिक्षकों व गैर शिक्षकों की स्थाई भर्ती की मांग पर अखिल भारतीय छात्र सम्मेलन तालकटोरा स्टेडियम, दिल्ली में आयोजित हो रहा है।
एआईडीएसओ के प्रदेश सचिव उमेश मौर्य ने कहा केंद्र व राज्य की सरकारें छात्र और शिक्षा हितों पर तेज हमले कर रही हैं। शिक्षा को बाजार की वस्तु बनाकर आम लोगों की पहुंच से दूर करती जा रही है। सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू कर सरकारी स्कूलों को तेजी से बंद कर रही है और साथ ही साथ यूनिवर्सिटी के ग्रांट को खत्म करती जा रही है। शिक्षण संस्थानों में लाखों की संख्या में अध्यापकों के पद खाली पड़े है। नौजवानों को रोजगार देने के बजाय रोजगार के अवसरों को ही खत्म करती जा रही है। इन्हीं समस्याओं के खिलाफ 27, 28 और 29 नवंबर को यह छात्र सम्मेलन आयोजित हो रहा है। जिसमें पूरे देश से हजारों की संख्या में छात्र, अभिभावक व शिक्षाविद शामिल होंगे।