संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 17 जुलाई से शुरू हो रही सेना भर्ती रैली की तैयारियों का रविवार को एडीसी महेश कुमार, कर्नल दीपक कटारिया व सीटीएम मुकुंद ने जायजा लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सेना भर्ती रैली के दौरान सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि सुचारु रूप से भर्ती हो सके और उम्मीदवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
एडीसी महेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि भर्ती के दौरान स्टेडियम परिसर में सेना की आवश्यकता के अनुसार बिजली, टेंट, मोबाइल शौचालय, पंखे आदि के सभी प्रबंध करवाएं जाएं। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आगामी दो दिन में स्टेडियम परिसर के भवन में बिजली व्यवस्था को चेक करवाएं। बिजली विभाग के अधिकारियों से स्टेडियम परिसर में निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करवाने को कहा। स्टेडियम परिसर में आवश्यकतानुसार मोबाइल टायलेट, सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था के प्रबंध किए जाएंगे। पुलिस द्वारा सेना भर्ती रैली में सुरक्षा व यातायात संबंधित पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
भर्ती का यह रहेगा शेड्यूल
17 जुलाई को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ व झज्जर, 18 जुलाई को बेरी, मातनहेल व बादली तहसीलों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती।
19 जुलाई को पानीपत जिले के पानीपत, इसराना एवं समालखा तहसीलों व रोहतक जिले की महम तहसील के उम्मीदवारों की अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती।
20 जुलाई को रोहतक जिले के रोहतक व सांपला तहसीलों के उम्मीदवारों की अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती।
21 जुलाई को सोनीपत जिले के गोहाना, गन्नौर, सोनीपत एवं खरखौदा तहसीलों के उम्मीदवारों की अग्निवीर जनरल ड्यूटी के पदों के लिए भर्ती होगी।