संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। उत्तर भारतीय साइंस ड्रामा कांटेस्ट-2026 के अंतर्गत बुधवार को अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल में खंडस्तरीय विज्ञान नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम स्थान अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल, द्वितीय स्थान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिसार रोड और तृतीय स्थान पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि जिला विज्ञान विशेषज्ञ समीर मान विशिष्ट अतिथि रहे। प्रतियोगिता में खंड के 12 स्कूलों के लगभग 96 विद्यार्थियों और 18 अध्यापकों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
विद्यार्थियों ने विज्ञान और समाज के संबंधों को नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि अशोक नांदल ने कहा कि सतत प्रयास से लक्ष्य अवश्य प्राप्त होता है और प्रतियोगिता में भाग लेना भी महत्वपूर्ण है।
बेस्ट एक्टर जॉन वेस्ले स्कूल से सानिध्य, बेस्ट एक्ट्रेस मॉडल टाउन स्कूल से तमसा चुने गए। बेस्ट डायरेक्टर की ट्राॅफी अगस्त्य स्कूल को व बेस्ट स्क्रिप्ट राइटर हिसार रोड स्कूल को मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता अगस्त्य स्कूल की प्राचार्य सुशीला गुलिया ने की।
इस दौरान प्राचार्य रश्मि, अंजना व संगीता और बीआरपी मुक्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर वंदना ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए इस वर्ष की मुख्य थीम सोसायटी एंड साइंस के बारे में बताया। उन्होंने थीम की चार उप श्रेणियों एआई, ईवी, इंटरस्टेलर हैबिटेट्स और रिस्टोरिंग ओशियंस पर विस्तार से जानकारी दी।