रोहतक। विधानसभा चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। सोमवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन महम व रोहतक शहर से दो-दो निर्दलीय ने नामांकन वापस लिया है। अब चारों हलकों में 56 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। इसमें महम से सबसे ज्यादा 19 व गढ़ी सांपला में सबसे कम 9 प्रत्याशी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि थी। महम विधानसभा में निर्दलीय प्रत्याशी रोहताश और परमजीत कुंडू ने नामांकन वापस ले लिया। अब महम से 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। रोहतक शहर हलके से 2 प्रत्याशियों जितेंद्र कुमार और सत्यप्रकाश सिंह बिसला ने फार्म उठा लिया। अब हलके से 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। गढ़ी-सांपला-किलोई से 9 व कलानौर हलके से 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को दोनों हलकों से किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव अधिकारियों ने चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए हैं। अब तय कार्यक्रम के तहत 5 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि 8 अक्तूबर को मतगणना होगी। चारों हलकों में 831 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।