माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से रोहतक जिले को छह अमृत सरोवर की सौगात दी। इन सरोवरों के जीर्णोद्धार पर 4.38 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2022 में जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से देशभर में अमृत सरोवर परियोजना की शुरुआत की थी।
जिला विकास भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा प्रदेश सचिव रेनू डाबला, दीपक निवास हुड्डा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल तथा सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक ने जिले के अमृत सरोवरों का विधिवित उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने अंबाला के नारायणगढ़ से अमृत सरोवर योजना के तहत प्रदेशभर में 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इनके जीर्णोद्धार पर लगभग 223 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि महम खंड के गांव भराण जिंदराण स्थित सदनसर तालाब, फरमाणा खास के धामा वाला तालाब, किशनगढ़ के मेरू वाला तालाब, मोखरा खास के मंडाली तालाब, निंदाना खास के कालसर तालाब तथा सीसर खास के गुगाना तालाब का जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में योजना के तहत 18 अन्य तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत तालाबों से गंदे पानी की निकासी, गाद की सफाई, किनारों का सुदृढ़ीकरण तथा तालाबों के चारों ओर पौधरोपण किया जा रहा है। साथ ही, अमृत सरोवर परियोजना के अंतर्गत पुनर्जीवित किए जा रहे तालाबों का नामकरण शहीदों के नाम पर किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, ब्लॉक समिति चेयरमैन नवनीत राठी, नीरज और टीनू, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।