रोहतक। फ्लाइट रद्द होने पर बेटे की 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षा के लिए मायना निवासी राजनारायण पंघाल ने दिल्ली एयरपोर्ट से इंदौर तक करीब 800 किलोमीटर कार चलाई। इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने से जहां देशभर के यात्रियों की योजनाएं बिगड़ी हैं, वहीं इसका असर मायना गांव के पंघाल परिवार पर भी पड़ा है।
मायना के निशानेबाज आशीष चौधरी पंघाल इंदौर स्थित प्रतिष्ठित डेली कॉलेज में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे और 8 दिसंबर से परीक्षा शुरू होनी थी। इससे पहले 6 दिसंबर की शाम को उन्हें इंदौर के डेली कॉलेज में सम्मानित किया जाना था।
विज्ञापन
दिल्ली से इंदौर की फ्लाइट पहले से ही बुक थी। ऐसे में राजनारायण पंघाल 6 दिसंबर को बेटे को कार से दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। एयरपोर्ट पर जाकर पता चला कि इंदौर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। यह सूचना मिलते ही उनकी परिवार में चिंता बढ़ गई। इंदौर जाने वाली ट्रेन में भी तत्काल सीट कन्फर्म होना मुश्किल थी।
ऐसे में पिता राजनारायण पंघाल ने निर्णय लिया कि बेशक इंडिगो की फ्लाइट रद्द हो गई हो और ट्रेन में भी सीट कन्फर्म न हो, वो बेटे को हर हाल में समय पर इंदौर लेकर जाएंगे ताकि प्री-बोर्ड परीक्षा न छूट जाए। दिल्ली से इंदौर की दूरी करीब 800 किलोमीटर है। ऐसे में राजनारायण ने तुरंत ही निर्णय लिया और 6 दिसंबर को रातभर कार ड्राइव कर अगले दिन 7 दिसंबर की सुबह बेटे को समय पर लेकर इंदौर पहुंच गए।