सोनीपत। जिला बार एसोसिएशन के उपप्रधान संग दुर्व्यवहार का आरोप लगा वकीलों ने एसपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वकीलों ने मंगलवार को वर्क सस्पेंड करने के बाद जमकर हंगामा किया। वकील एसपी के तबादले की मांग पर अड़ गए हैं। वकील एसपी पर बार एसोसिएशन के उपप्रधान संग दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए लघु सचिवालय में एकत्रित हुए, जहां काफी देर तक हंगामा करने के बाद बैठक कर निर्णय लिया गया कि वे तब तक वर्क सस्पेंड रखेंगे, जब तक सरकार यहां से एसपी का तबादला नहीं कर देती। वहीं, इस तरह मामला बढ़ता देखकर एसपी ने सफाई में कहा है कि वकील उनके कार्यालय के बाहर ऊंची आवाज में बात कर रहा था। अंदर आने के बाद भी उसने तेज आवाज में बात की थी, जिस पर उन्होंने वकील को वहां से जाने के लिए कह दिया था।
जिला बार एसोसिएशन के उपप्रधान संदीप मलिक ने बताया कि वह लाइसेंस के मामले में सोमवार को एसपी प्रतीक्षा गोदारा से मिलने के लिए गए थे, जहां पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के सामने पूरा मामला रखा तो इसको लेकर मंगलवार को सुबह 10 बजे बार रूम में बैठक बुलाई गई। बैठक में बार प्रधान अनूप दहिया समेत सभी सदस्यों ने एकमत से एसपी का विरोध करने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में फैसला लिया कि जब तक एसपी का तबादला नहीं हो जाता, तब तक वे वर्क सस्पेंड रखेंगे। बैठक के बाद वकील एकत्रित होकर लघु सचिवालय में पहुंचे और वहां पर एसपी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पर्ची भेजने पर एक घंटे तक बाहर खड़ा रखा, फिर बुलाकर किया दुर्व्यवहार
बार एसोसिएशन के उपप्रधान संदीप मलिक ने बताया कि उन्होंने स्पोर्ट्स शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। काफी भागदौड़ कर उन्होंने लाइसेंस की औपचारिकताएं और वेरिफिकेशन का काम पूरा करवाया था। अब सितंबर माह से फाइल एसपी की टेबल पर है और वे उसे पास करने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं। सोमवार को भी वह यही गुहार लगाने के लिए एसपी कार्यालय में पहुंचा था। जहां पर पहले तो एसपी के स्टाफ ने उनसे मिलवाने से ही इनकार कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद उनकी पर्ची अंदर भेजी गई, जिसके बाद करीब एक घंटे तक उन्हें बाहर खड़ा रखा गया, जबकि उनके बाद आने वाले लोगों को अंदर बुला लिया गया। ऐसे में वह अंदर गए तो एसपी ने उन्हें डांटने के लहजे में कहा कि हंगामा क्यों मचा रखा है। संदीप ने बताया कि एसपी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और फिर बाहर जाने को कह दिया। साथ ही यह भी कहा कि यहां दोबारा मत आना।
बार एसोसिएशन ने बैठक कर पास किया विरोध का प्रस्ताव
संदीप मलिक के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर जिला बार एसोसिएशन ने बार रूम में मंगलवार को एक बैठक बुलाई, जिसकी अध्यक्षता बार प्रधान अनूप दहिया ने की। इस दौरान संदीप मलिक का मामला रखा गया और बातचीत के बाद विरोध का प्रस्ताव पास किया गया। कई वकीलों ने बताया कि एसपी ने पहले भी इसी तरह का दुर्व्यवहार कई वकीलों के साथ किया है। प्रस्ताव में बताया गया कि अब एसोसिएशन तब तक वर्क सस्पेंड रखेगा, जब तक एसपी का तबादला नहीं किया जाता।
हंगामा करने पर मैने केवल शांत रहने को कह दिया था : एसपी
इस संबंध में एसपी प्रतीक्षा गोदारा का कहना है कि लाइसेंस का कोई मुद्दा नहीं है। कार्यालय में आकर हंगामा किया जा रहा था, जिस पर मैंने उनसे शांत रहने को कहा था। इस पर अब बिना बात हंगामा खड़ा किया जा रहा है। लोगों से मुलाकात के समय ऊंची आवाज में बात करने से सभी प्रभावित होते हैं। व्यवस्था को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसी को लेकर संबंधित वकील को बोला गया था।