12-एमडीयू में मांगों को लेकर नारेबाजी करते एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स के प्
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में पिछले एक महीने से क्लर्क न होने के कारण गंभीर प्रशासनिक संकट खड़ा हो गया है। इसको लेकर बुधवार को छात्र-छात्राओं ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जल्द समाधान की मांग की।
यह प्रदर्शन एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष दीपक धनखड़ के नेतृत्व में हुआ। विद्यार्थियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलपति के ओएसडी ओमप्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपा और विभाग में स्थायी क्लर्क नियुक्त करने की मांग रखी। विद्यार्थियों का आरोप है कि परीक्षाएं नजदीक हैं लेकिन क्लर्क न होने के कारण रोल नंबर और अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर जारी नहीं हो रहे हैं जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यार्थियों ने दो दिन के भीतर क्लर्क की नियुक्ति ने अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की चेतावनी दी है। कुलपति के ओएसडी ने को विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर समस्या का स्थायी समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही अंतरिम व्यवस्था के तहत किसी अन्य क्लर्क की ड्यूटी तुरंत प्रभाव से लगाने की बात कही गई है।