रोहतक। नगर निगम के एनडीसी पोर्टल पर प्रॉपर्टी टैक्स बिल निकालने, मोबाइल नंबर बदलने व प्रॉपर्टी आईडी बनाने का विकल्प जोड़ा जाए। सोमवार को मुख्यालय की ओर से ऑनलाइन लगाई गई वर्कशॉप में निगम आयुक्त ने यह सुझाव दिए। साथ ही टैक्स ब्रांच कर्मचारियों को बारीकी से बताया कि कैसे एनडीसी पोर्टल पर आने वाले आवेदनों का निपटारा करें।
शहरी निकाय की तरफ से एनडीसी (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) पोर्टल का संचालन किया जा रहा है, जहां आम लोग प्रॉपर्टी टैक्स बिल से लेकर प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करते हैं। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि लगातार शिकायत मिल रही हैं कि एडीसी पोर्टल पर बार-बार आवेदन अस्वीकार किए जा रहे हैं। जांच में पता चला कि पोर्टल का कामकाज देख रहे कर्मचारियों को कार्य अनुभव की कमी है। इसके चलते मुख्यालय बात करके एक दिन की एनडीसी पोर्टल को लेकर ऑनलाइन वर्कशॉप आयोजित की गई। वर्कशॉप ज्वाइंट कमिश्नर महेश कुमार, एटीपी तिलक राज, जोनल टैक्स ऑफिसर अशोक कुमार व मुकेश कुमार, टैक्स इंस्पेक्टर अमन कुमार व अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। साथ ही आयुक्त ने वर्कशॉप में सुझाव दिया कि पोर्टल के अंदर ऐसे व्यवस्था की जाए कि आम लोग खुद ही प्रॉपर्टी टैक्स डाउनलोड कर सकें। साथ ही ऑनलाइन भुगतान किया जा सके। इसके अलावा प्रॉपर्टी आईडी के विभाजन व मोबाइल नंबर बदलने के लिए दस्तावेज व फ्लैट व फ्लोर की आईडी जारी करने का प्रावधान किया जाए।