खरखौदा में हादसे के बाद पलटी कार। अमर उजाला
खरखौद। खरखौदा-बरोणा रोड पर देर रात अनियंत्रित कार पेड़ से टकराने के चलते कार सवार 3 साथियों की मौत हो गयी और 2 अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए खरखौदा सीएचसी में लाया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आसौदा, झज्जर निवासी रवि (28) अपने चचेरे भाई जगदीप (32) व अपने तीन अन्य साथी मंगोलपुरी, दिल्ली निवासी अक्षय (22), बक्करवाला, दिल्ली निवासी अनिल (28) और दिल्ली निवासी रमेश सांकल (27) के साथ स्वीफ्ट कार में सवार होकर खरखौदा से बरोणा गांव की तरफ जा रहे थे। जब वे अपनी कार से खरखौदा बरोणा के बीच में पहुंचे तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ने से कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे में अनिल, रमेश व रवि की मौत हो गई। वहीं अक्षय व जगदीप को गंभीर हालत के चलते पीजीआई, रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खरखौदा-बरोणा रोड पर कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के चलते 3 युवको की मौत हो गयी। हादसे में 2 घायल है। मामले की जांच जारी है।
अरुण, थाना प्रभारी खरखोदा।