रोहतक। दो सप्ताह पहले माड़ौदी जाटान गांव में देवर-भाभी पर जानलेवा हमले के आरोपी अनीश उर्फ कालू व उसकी बुआ के लड़के गिरावड़ निवासी संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। एक आरोपी को पहले काबू किया जा चुका है।
कलानौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि मड़ौदी जाटान गांव निवासी शिवकुमार ने 14 नवंबर को शिकायत दी थी कि उसका भतीजा अमित व प्रवेश खेतीबाड़ी करते हैं। वारदात से करीब 8 दिन पहले गांव के युवक अनीस व सौरव की अमित के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। आरोप था कि 14 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे शिवकुमार को घर के बाहर दो-तीन युवकों द्वारा गाली-गलौज करने की आवाज सुनाई दी। शिवकुमार ने बाहर आकर देखा तो अनीस, संदीप व एक अन्य लड़का बाइक पर बैठकर गालियां दे रहे थे। विरोध किया तो युवकों ने शिवकुमार के साथ हाथापाई शुरू कर दी। शोर सुनकर शिवकुमार का भाई व भाभी बाहर आये व शिवकुमार को छुड़ाने लगे। आरोप था कि अनीस ने अपनी जेब से पिस्तौल निकालकर शिवकुमार पर गोली चला दी। गोली के छर्रे शिवकुमार व उसकी भाभी के चेहरे पर लगे। आरोपी अनीस व संदीप मौके से फरार हो गए थे, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने काबू कर लिया था। ब्यूरो