रोहतक। रंजिशन दोस्त की हत्या करने के आरोपी युवक ने पुलिस हिरासत में मेडिकल करवाने के दौरान सिविल अस्पताल में अपनी गर्दन में कैंची मारकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मगर पुलिस की सतर्कता से आरोपी आत्महत्या नहीं कर सका। आरोपी कैंची से ज्यादा चोट नहीं लगी है। आर्य नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या का प्रयास करने की धारा 309 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया व कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बता दें कि बीती 23 सितंबर को राजीव गांधी स्टेडियम के पास झाड़ियों में पुलिस को रोहन निवासी कथूरा सोनीपत का शव मिला था। शव देखने पर प्रतीत हो रहा था कि उसकी हत्या कर फेंका गया है। विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी आकाश निवासी मकड़ौली को गिरफ्तार किया था। जिसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि रोहन व आकाश अच्छे दोस्त थे। 21 सितंबर को रोहन को कम्पार्टमेंट के पेपर का रोल नंबर लेने के लिए सोरखी (हिसार) जाना था। रोहन का ताऊ कश्मीर सिंह रोहन को बस अड्डा पर छोड़कर गया था। रोहन ने बस में सवार होने की बजाए अपने दोस्त आकाश को बस अड्डा पर बुला लिया। आकाश ने रोहन से कार द्वारा सोरखी जाने बारे बात कर रखी थी। आकाश बाइक पर बस अड्डा के पिछले गेट पर आया। दोनों बाइक पर सवार होकर गाड़ी लेने के लिए चल दिए। राजीव गांधी स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स के पास आकाश रोहन को धोखे से झाड़ियों में ले गया व मौका पाकर चाकू से रोहन पर वार कर दिया। रोहन ने बचाव करने के प्रयास किया लेकिन आकाश ने चाकू से वार कर रोहन की हत्या कर दी। आकाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था।