रोहतक। पुलिस ने भाई बनकर युवती को विदेश से शादी में कपड़े भेजने का झांसा देकर 3 लाख 30 हजार रुपये ठगने के आरोप में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को बिहार से आरोपी सरफराज आलम निवासी मोताहारी व हसरत रजा निवासी बड़ा डरगावा को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत के चलते जेल भेजा गया है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि सैनिक कॉलोनी निवासी पूजा ने 11 जून 2023 को शिकायत दी थी कि उसने अपने फेसबुक अंकाउट से एक मैरिज ब्यूरो के नाम से ऐड देख कर पेज पर क्लिक किया। करीब एक घंटे के बाद पूजा के वाट्सअप पर एक मैसज आया, जिसमें युवक ने अपने आपको अमनप्रीत सिंह यूके से बताया। युवक ने पूजा को कहा कि उसके परिवार में कोई नहीं है। वह पूजा को छोटी बहन समझकर यूके से कुछ कपड़े और पैसे भेजना चाहता है। युवक ने कहा कि पार्सल जब एयरपोर्ट पर पहुंच जायेगा तो उसके पास फोन आ जाएगा। 16 जून को दोपहर करीब 3 बजे पूजा के पास पार्सल के नाम से एक फोन आया। उन्होंने पूजा का आधार कार्ड व्हाट्सअप पर मंगवाया और पार्सल के 25 हजार रुपये देने की बात कही। पूजा ने मना किया तो युवक ने कहा कि उसके पास उनका आधार कार्ड आ चुका है और पैसे न देने पर जीएसटी और सीआईडी की जांच होगी। पूजा ने डर के मारे उनके कहे अनुसार अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 30 हजार रुपये भेज दिए।