नारनौल। शहर थाना पुलिस ने श्री गोपाल गोशाला में दानपात्र से हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान शहर निवासी दीपक के रूप में हुई है।
12 फरवरी को कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि गंदा नाला रोड स्थित गोशाला के कार्यालय से शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच दानपात्र चोरी हो गया था। जिसमें करीब 6 से 7 हजार रुपये की राशि थी। शिकायतकर्ता के अनुसार जब मैनेजर रामगोपाल किसी काम के लिए बाहर गया था, तब मौका पाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसमें आरोपी जैकेट में दानपात्र छिपाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से नकदी भी बरामद की गई है।