रोहतक। पुलिस ने हथियार के बल पर लूट की वारदात अंजाम देने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव बहुअकबरपुर निवासी सचिन की शिकायत पर केस दर्ज किया था। इसकी प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 20 दिसंबर 2023 को सचिन अपनी गाड़ी से निजी अस्पताल की तरफ जा रहा था।
वे सेक्टर/4 एक्सटेंशन मोड बोहर गोहाना रोड पर पहुंचा तो उसने फोन पर बात करने के लिए गाड़ी साइड में लगा ली। इसी समय दो युवक आए ये सचिन से बस स्टैंड का पता पूछने लगे। सचिन गाड़ी का शीशा उतारकर बात करने लगा तो युवकों ने हथियार तान कर उसे पीछे बैठने को कहा। दोनों युवक सचिन की गाड़ी में बैठ गए व गाड़ी लेकर महम रोड की तरफ चल पड़े। मदीना रेडियो स्टेशन कट के पास पहुंचकर युवकों ने सचिन का मोबाइल फोन झाडियों में फेंक दिया। थोडी दूर चलने के बाद सचिन को गाड़ी से नीचे उतार दिया व उसकी गाडी लेकर महम की तरफ फरार हो गए। एएसआई कृष्ण ने केस की जांच करते हुए सोमवार को आरोपी इंदिरा कॉलोनी हिसार निवासी सुमित उर्फ काली को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।