सोनीपत। सिटी थाने की गोहाना रोड चौकी पुलिस ने क्रेडिट कार्ड से 35 हजार रुपये निकालने के मामले में कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड का क्लोन बनाने और नकदी निकालने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रोहतक के रौनकपुरा खोखरा कोट का रहने वाला वीरेंद्र सिंह है। पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उसके साथी पेट्रोलपंप कर्मी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
विदित रहे कि 8 जुलाई को मूलरूप से जींद फिलहाल गढ़ी घसीटा निवासी प्रवीन ने गोहाना रोड चौकी में शिकायत दी थी कि उसके क्रेडिट कार्ड से 35 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। प्रवीन ने पुलिस को बताया था कि उसने क्रेडिट कार्ड का प्रयोग कर गोहाना के पुराना बस स्टैंड के पास स्थित फिलिंग स्टेशन से पेट्रोल डलवाया था, जिस पर पुलिस को शक गहरा गया था। मामले में एएसआई मुकेश कुमार की टीम ने जांच की तो पता लगा कि पेट्रोल पंप पर 27 जून को मदीना के राजेश ने कारिंदे के रूप में नौकरी ज्वाइन की है। जिस पर पुलिस ने उसे शक के आधार पर हिरासत में लिया तो आरोपी ने वारदात को कबूल कर लिया था। उसने बताया था कि कुछ समय पहले अपने परिचित रोहतक के युवक से मिला था। उसने उसे कहा था कि वह पेट्रोल पंप पर नौकरी कर ले। वह उसके कहने के अनुसार काम करता रहेगा तो वह उसे काफी पैसा देगा। उसके परिचित ने उसे एक मशीन दी थी, जिसमें उसने पेट्रोल या डीजल लेकर कार्ड से पेमेंट करने वालों के कार्ड पहले उस मशीन में स्वैप करने और उसका फोटो उसे भेजने को कहा था। राजेश ने बताया कि वह अब तक करीब 20-22 कार्ड स्वैप कर अपने दोस्त के पास भेज चुका है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब उसके परिचित रौनकपुरा खौखरा के वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वीरेंद्र की क्लोन तैयार कर एटीएम और क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालता था। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है
क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालने के मामले में जांच करते हुए मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है। वह कार्ड का क्लोन तैयार कर पैसे निकालता था। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
मुकेश कुमार, जांच अधिकारी, गोहाना रोड चौकी सोनीपत।