सदलपुर गोशाला के पूर्व प्रधान राजकुमार गोयल की बुधवार को कोहली कालीरावण रोड पर किशनगढ़ माइनर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। राजकुमार गोयल पूर्णिमा के चलते बंदरों को केले खिलाने के लिए कोहली कालीरावण रोड पर किशनगढ़ माइनर के पुल पर गए थे, जब वे बंदरों को केले खिलाकर हाथ धोने लगे तो उनका पैर फिसल गया और नहर में गिर गए।
नहर में नहा रहे युवकों ने उनको बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के चलते उनको बचाया नहीं जा सका। बाद में सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस ने गांव महलसरा पुल के पास से शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार भिजवाया। पुलिस को दिए बयान में मृतक राजकुमार गोयल के पुत्र भारतभूषण ने बताया कि उसके पिता नहर पर बंदरों को केले खिलाने के लिए गए थे। इस दौरान नहर में हाथ धोते समय उनका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
ज्ञात रहे कि राजकुमार गोयल ने अपने जीवनकाल में समाजसेवा से जुड़े अनेक कार्य किए। क्षेत्र की कई संस्थाओं को वह निरंतर आर्थिक सहयोग देते थे। सदलपुर गोशाला में उन्होंने कई सालों तक प्रधान पद पर रहते हुए गोमाता की सेवा की। हर पूर्णिमा को वह बंदरों को केले देने जाते थे। उनके निधन पर आदमपुर के राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने शोक व्यक्त करते ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है।