रोहतक। जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त करना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। यह बात जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने गुरुनानकपुरा कॉलोनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व उन्होंने यहां 45.27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पानी के बूस्टर व राहड़ तालाब के सुधारीकरण का शिलान्यास किया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की गरीब कल्याण की सोच के कारण प्रदेश में अंत्योदय की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रोहतक शहर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर सरकार द्वारा समाधान किया जा रहा है, इसमें पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार ग्रोवर का विशेष योगदान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा भी जनकल्याण की दिशा में अनेक कदम उठाए गए है। गरीब व्यक्तियों को आयुष्मान भारत एवं चिरायु हरियाणा के तहत 5 लाख रुपये तक स्वास्थ्य बीमा का तोहफा देकर यह सुनिश्चित किया है कि धन के अभाव में किसी भी गरीब व्यक्ति की जान न जाए।
इस अवसर पर मेयर मनमोहन गोयल, जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणबीर ढाका, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष प्रतिभा सुमन, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल समेत अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।
इन कॉलोनियों को होगा फायदा
शहर की महावीर कॉलोनी, संजय कॉलोनी, नया चमनपुरा, कृष्णा कॉलोनी, सांईदास कॉलोनी, राहड़ रोड, गुरुनानकपुरा तथा काठमंडी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को इसका फायदा मिलेगा। बारिश में यहां तीन से चार फीट तक पानी भर जाता था। लोगों के घरों में भी पानी भर जाता था। जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया था। अब 45 करोड रुपये की लागत से राहड़ जोहड़ पर बरसाती पानी की निकासी के लिए डिस्पोजल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा तालाब का सुदृढ़ीकरण तथा गुरुनानक पुरा डिस्पोजल से जसिया ड्रेन तक 900 व्यास की एचडीपीई पाइपलाइन बिछाने, झज्जर रोड पर स्थित 1600 व्यास की आरसीसी एनपी 2 पाइप का सीआईपीपी तकनीक के माध्यम से सुदृढ़ीकरण के अलावा स्थानीय गोहाना रोड पर स्थित शनि मंदिर से पीर बौदी तक बनने वाले डिस्पोजल तक 900 व्यास की आरसीसी एनपी-2 पाइप का सीआईपीपी तकनीक से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
शहर में 90 सामुदायिक शौचालय बनाए गए : ग्रोवर
पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि शहर में 90 सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल हमेशा शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। कांग्रेस के शासनकाल के दौरान शहर में केवल विकास की बातें की गईं तथा विकास कार्य नहीं करवाए गए। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए वीरवार को विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है।