शहर के नए बस स्टैंड से पानीपत जाने के लिए निजी कार में बैठना एक नौकरीपेशा के लिए भारी पड़ गया। कार सवार तीन आरोपी चरखी दादरी के गांव सांवड़ निवासी विकास को अन्य सवारी बैठाने का झांसा देकर आईएमटी चौक पर ले गए। यहां एक आरोपी ने कार से उतारकर उसे पकड़ लिया और दो अन्य युवकों ने उससे पांच हजार रुपये, लैपटॉप व मोबइल छीन लिया। इसके बाद आरोपी उसे धक्का देकर मौके से फरार हो गए। थाना सदर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला चरखी दादरी के गांव सांवड़ निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शिमला में निजी कंपनी में नौकरी करता है। सुबह साढे़ नौ बजे वह नए बस स्टैंड पर शिमला जाने के लिए खड़ा हुआ था। इसी दौरान एक वैगन आर कार आकर रुकी और पानीपत चलने के लिए आवाज लगाने लगे। उसमें पहले से तीन लोग बैठे थे। उसने सोचा की सवारी बैठी होगी, वह भी उस कार में पानीपत जाने के लिए बैठ गया।
गोहाना रोड पर जाने के बाद आरोपी कार चालक ने अन्य सवारी बैठाने का झांसा देकर आईएमटी चौक की तरफ कार मोड़ दी। इसके बाद रास्ते में कार कर बोले की कार खराब हो गई। इसके बाद नीचे उतरे तो एक युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया जबकि अन्य दो युवकों ने उसकी जेब से पर्स में रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए। फिर आरोपियों ने उसके बैग से लैपटॉप, जरूरी कागजात और मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी उसे धक्का देकर फरार हो गए। विकास ने बताया कि इसके बाद वह आईएमटी चौक से ऑटो लेकर सदर थाने पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आसपास तलाश भी करवाई, लेकिन कार नहीं मिली। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।