रोहतक। सिटी थानाक्षेत्र के कच्ची बेरी रोड के पास एक दुकान पर बीड़ी लेने गए युवक के साथ शराब पी रहे लोगों ने अभद्रता कर दी। युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे डंडे और लोहे की राॅड से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिली तो परिजन ने उसे पीजीआईएमएस में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया। जहां पर बुधवार देर रात को युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर तीन सगे भाइयों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में दलीप साहनी ने बताया कि वह मूलत: बिहार के समस्तीपुर स्थित मकसुदनपुर भदैया गांव का निवासी है। वह परिवार और छोटे भाई राजेश साहनी (30) के साथ कच्चा बेरी रोड पर किराये के मकान में रहते हैं। 30 नवंबर को उनका छोटा भाई राजेश साहनी पास की दुकान पर बीड़ी लेने के लिए गया था। दुकान के पास में ही सिलाई का काम करने वाले बिहार के ही सीतामढ़ी निवासी चंदन अपने दोस्त सुरेंद्र, अंकित और सतेंद्र के साथ शराब पी रहे थे। उसने राजेश के साथ गाली-गलौज करना शुरु कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके हाथ से बीड़ी का बंडल छीन लिया और मारपीट शुरू कर दी। झगड़े की सूचना मिलने पर चंदन के भाई साजन और राजन भी आ गए। सभी ने डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे। घायल को पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। बुधवार रात को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। भाई की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने मारपीट की घटना को हत्या में तब्दील कर दिया। हत्या के आरोपी चंदन, साजन, राजन, सुरेंद्र, अंकित और सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
बीड़ी खरीदने गए युवक के साथ 30 नवंबर को मारपीट की गई थी, इसमें रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। वीरवार को युवक की मौत की जानकारी मिली तो हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविंद्र कुमार, सिटी थानाप्रभारी निरीक्षक।