रोहतक। चमारिया गांव के युवक को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली के युवकों ने 90 हजार रुपये ठग लिए। इस संबंध में सदर थाने में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है।
चमारिया निवासी प्रवीण ने बताया कि उसने जुलाई 2025 में सोशल मीडिया पर नौकरी का विज्ञापन देखा था। उसने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो कॉल रिसीव करने वाले युवक ने कहा कि वह दिल्ली निवासी राहुल है। उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ देता हूं। उसमें नौकरियों के बारे में सूचना आती रहती है।
एक दिन राहुल का फोन आया और दिल्ली में एमटीएस की नौकरी का ऑफर किया। इसके बदले में एक लाख रुपये की मांग की। कहा पहले इंटरव्यू दिल्ली में द्वारका मोड़ पर दोस्त सुधीर के पास होगा। इसके लिए सुधीर को 40 हजार रुपये देने पड़ेगे। पैसे लेकर राहुल ने सुधीर के पास 12 दिसंबर को इंटरव्यू के लिए बुला लिया।
सुधीर ने उसका इंटरव्यू एक अन्य व्यक्ति से कराया और कहा कि दो दिन-तीन दिन बाद ज्वाइनिंग लेटर ले जाना। 15 दिसंबर को वह द्वारका मोड़ स्थित कार्यालय में गया तो राहुल व सुधीर ने कहा कि 30 हजार रुपये और देने होंगे। पैसे देने पर उसे 17 दिसंबर को 23,000 रुपये सैलरी की नौकरी सीजीओ कॉम्प्लेक्स दिल्ली में नौकरी का पत्र दिया।
उसे कहा कि कॉम्प्लेक्स का पास बनवाने के लिए 30 हजार रुपये और देने होंगे। उसने पैसे दे दिए। 18 दिसंबर को कॉम्प्लेक्स में गया तो बताया गया कि ज्वाइनिंग पत्र फर्जी है। जब उसने राहुल व सुधीर से कहा तो उन्होंने कहा कि किसी को मत बताना। आपको पैसे वापस भेज देंगे। 10 हजार रुपये वापस दे दिए। 90 हजार रुपये अभी तक नहीं दिए हैं।