रोहतक। बहादुरगढ़ में पड़ोस के युवक से प्रेम विवाह करने वाली बहन के पति की हत्या करने के लिए आ रहे बहादुरगढ़ के अजय व उसके साथी मोनू को स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्तौल व छह कारतूस बरामद किए हैं। शनिवार को अदालत में पेश कर आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी एसआई अश्वनी अहलावत ने बताया कि स्टाफ की टीम गश्त के दौरान सांपला बस स्टैंड के पास मौजूद थी। शक के आधार पर बाइक सवार बहादुरगढ़ के अजय व मोनू को पकड़ा।
तलाशी के दौरान अजय के पास से दो देसी पिस्तौल व चार कारतूस व मोनू से एक देसी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने सांपला थाने में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।