रोहतक। शहर के पाड़ा मोहल्ले में शनिवार को सुबह करीब 11 बजे मकान पर पेंट कर रहे यूपी के कुशीनगर जिले के गांव पैरासिनी निवासी अलाउद्दीन (44) की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यूपी निवासी समाउद्दीन ने बताया कि उनके भाई अलाउद्दीन तीन साथियों के साथ एक साल पहले रोहतक आए थे।
10 दिन पहले पाड़ा मोहल्ला निवासी कांता के मकान में पेंट का ठेका लिया था। साथियों ने बताया कि शनिवार को सीढि़यां लगाकर अलाउद्दीन दूसरी मंजिल पर पेंट कर रहे थे। अचानक पैर फिसलने से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया। उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पीजीआई से हादसे की सूचना आर्य नगर थाने में भेजी गई। वहां बताया गया कि पाड़ा मोहल्ला पुरानी सब्जी मंडी थाने के अंतर्गत है। दोपहर दो बजे सूचना पुरानी सब्जी मंडी थाने में दी गई। इसके कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई। शाम को 5 बजे शव को लेकर परिजन यूपी के लिए रवाना हो गए। ब्यूरो