पुलिसकर्मी को हनीट्रेप में फंसाने के आरोप में पकड़ी गई आरोपी महिला।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मचारी को हनीट्रैप में फंसाकर ढाई लाख रुपये और फ्रिज ऐंठने का मामला सामने आया है। रविवार को शहर पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी महिला को पुलिसकर्मी से 50 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ काबू कर लिया। महिला से दो ब्लैंक चेक भी बरामद किए हैं, जो कि महिला ने ब्लैकमेल करके लिए थे।
शहर पुलिस ने पुलिसकर्मी सुभाष की शिकायत पर आरोपी महिला गांव डांगरा निवासी पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले के मुताबिक शहर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस लाइन में ड्राइवर के पद पर तैनात सुभाष ने शिकायत देकर बताया कि कोर्ट परिसर में उसकी मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले गांव डांगरा निवासी पिंकी के साथ हुई थी। पिंकी के साथ बात होने लगी और इसके बाद दोनों के बीच संबंध हो गए। आरोपी महिला पिंकी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पिंकी ने कहा कि उसे रुपये दे दे नहीं तो वह उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा देगी। इसको लेकर पिंकी ने उससे चार चेक ले लिए। दो चेक से एक-एक लाख रुपये की राशि निकलवा ली। इसके अलावा महिला ने फ्रिज भी ले लिया। अब महिला ने दोबारा रुपये मांगने शुरू कर दिए और ब्लैंक चेक से राशि निकलवाने की धमकी दी। महिला ने उससे एक लाख रुपये मांगे। शनिवार को उससे 50 हजार रुपये लिए। रविवार को रतिया रोड पर महिला को 50 हजार रुपये लेने के लिए बुलाया गया। शहर पुलिस ने छापा मारकर महिला को मौके पर पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने महिला से मौके पर 50 हजार रुपये, शनिवार को लिए गए 50 हजार रुपये तथा दो ब्लैंक चेक बरामद कर लिए।
दुष्कर्म का करवा रखा है मामला दर्ज
महिला ने पहले एक व्यक्ति के खिलाफ सदर थाने में दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज करवा रखा है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ भी विवाद चल रहा है।
कार्रवाई की जा रही है
पुलिसकर्मी को एक महिला हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही थी। करीब ढाई लाख रुपये पहले ले चुकी है, सूचना मिलने पर महिला को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- यादविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी