गोहाना। शहर में बढ़ती बिजली की मांग और अघोषित कटों से राहत के लिए बिजली निगम ने बड़ा कदम उठाया है। महम रोड स्थित पावर हाउस में 33 केवी क्षमता का नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा। निगम मुख्यालय से इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू होगा।
नई व्यवस्था से मुख्य पावर हाउस पर बढ़ता लोड कम होगा। इससे शहर में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और निर्बाध हो सकेगी। गोहाना में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पिछले एक वर्ष में करीब पांच हजार नए कनेक्शन जुड़े हैं। कुल उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर लगभग 44 हजार हो गई है। इन्हें प्रतिदिन करीब पांच लाख यूनिट बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
बढ़ते लोड से मौजूदा पावर हाउस पर दबाव बढ़ रहा है जिससे फाल्ट और अघोषित कट लगते हैं। बिजली निगम ने पिछले वर्ष नए सब-स्टेशन का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा था। अधिकारियों ने निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान भी चिह्नित कर लिया है।
नया सब-स्टेशन तैयार होने के बाद शहर की बिजली व्यवस्था इससे जुड़ेगी। इससे आपूर्ति व्यवस्था अधिक संतुलित और प्रभावी होगी। एक्सईएन राजसिंह सिंहमार ने बताया कि औपचारिकताएं तेजी से पूरी हो रही हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण एजेंसी को कार्य आवंटित होगा। उपभोक्ताओं को जल्द बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। संवाद
बिजली कटों से उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी
बिजली लाइनों पर अधिक लोड होने से प्रतिदिन लंबे बिजली कट लग रहे हैं। उपभोक्ता आर्यन, दीपक, सोमबीर, हरीश और राजेंद्र ने परेशानी बताई। गर्मी में बिजली कटों से लोगों को काफी दिक्कत होती है। रात के समय कट लगने से बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी होती है। इस नई परियोजना से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।