सीसीटीवी में युवक को पीछे से टक्कर मारता ट्रक चालक। स्रोत : सोशल मीडिया
रोहतक। पाड़ा मोहल्ले में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 22 साल के युवक बॉबी को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने टीबी अस्पताल के नजदीक ट्रक चालक यूपी निवासी ओमप्रकाश को दबोच लिया। ट्रक चालक बरवाला से फरीदाबाद जा रहा था। घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के मुताबिक रात करीब 11 बजे पाड़ा मोहल्ला निवासी बॉबी सड़क पर घूम रहे थे। तभी माता दरवाजा चौक की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मौके से फरार हो गया।
इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम से वीटी होने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर की गाड़ी 112 ने ट्रक का पीछा किया और टीबी अस्पताल के नजदीक चालक को दबोच लिया। पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुशील ने बताया कि घायल के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।