रोहतक। पुलिस लाइन में रहने वाली छात्रा से साइबर अपराधी ने मामा बनकर 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता ने आर्य नगर थाने में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है।
अस्मिता ने बताया कि 24 जनवरी को वह अपने मामा के घर चिन्नोट कॉलोनी में थी। तभी उनके पास व्हाट्सएप कॉल आई कि तुम्हारा मामा रामजी बोल रहा हूं। विदेश से वापस आने वाला हूं लेकिन ट्रेवल एजेंट को 85,000 रुपये नहीं देने पर वीजा अप्रूल में दिक्कल आ रही है।
उसके बाद मामा बने व्यक्ति ने दो नंबर भेजे। उन पर 25000-25000 रुपये गूगल पे से ट्रांसफर करवा लिए। बाकी 35,000 रुपये और मांगे। उसके खाते में इतने पैसे नहीं थे। उसने एक परिचित बुजुर्ग को कॉल की लेकिन वे व्हाट्सएप नहीं चलाते। उसने मामा को ही फेसबुक कॉल की। मामा ने कहा कि उसने तो कोई व्हाट्सएप कॉल या मैसेज नहीं किया। जब उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई।