रोहतक। बहुअकबरपुर गांव के गोल चक्कर पर स्थित शराब ठेके को लूटकर तीन युवक सात हजार की नकदी व शराब लूटकर ले गए। सेल्समैन यूपी के बांदा जिले के गांव बंदाखेड़ा निवासी शत्रुघ्न को पेंचकस मारकर घायल कर दिया।
वारदात रविवार की रात 12 बजे की है। जांच पड़ताल के बाद मंगलवार को बहुअकबरपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में सेल्समैन शत्रुघ्न ने बताया कि वह तीन माह से शराब ठेके पर नौकरी कर रहा है। रविवार की रात करीब 10 बजे वह ताला बंद करके शराब ठेके के अंदर ही सो गया। रात करीब 12 बजे दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई दी।
शीशे के गेट से बाहर देखा तो ताला तोड़कर दो युवक अंदर घुस आए और एक बाहर गेट पर खड़ा हो गया। एक युवक ने उसके ऊपर दो बार पेंचकस से वार किया। डर के मारे वह ठेके से बाहर निकल कर भाग गया और ठेकेदार को सूचना दी।
ठेकेदार ने आकर जांच पड़ताल की तो 7 हजार की नकदी व अंग्रेजी शराब की 14 बोतल नहीं मिली।