संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआई के आपातकालीन विभाग में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मरीज के साथ आए तीमारदारों और क्लास चार के बैरर के बीच विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते हाथापाई व मारपीट में बदल गया। आरोप है कि तीमारदारों ने बैरर के साथ मारपीट की जिससे आपातकालीन विभाग में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित बैरर प्रदीप ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ पीजीआई थाना पुलिस को शिकायत दी है।
बैरर स्ट्रेचर लेकर जा रहा था। रास्ते में दो तीमारदारों ने उसे रोककर स्ट्रेचर मांगा। बैरर ने स्ट्रेचर देने से मना करते हुए दूसरा स्ट्रेचर ले आने की बात कही। इससे नाराज तीमारदारों ने बैरर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बैरर ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि जिस समय विवाद हुआ, मौके पर कोई भी सुरक्षा गार्ड नहीं था। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट चलती रही लेकिन बीचबचाव के लिए कोई गार्ड नहीं पहुंचा। आपातकालीन विभाग में आमतौर पर गंभीर हालत में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में स्टाफ व तीमारदारों के बीच तनाव की स्थिति बनने की आशंका रहती है। सुरक्षा व्यवस्था लचर नजर आई।