रोहतक। जलभराव से परेशान जसिया गांव के खेतों में किसान की ड्रेन में डूबने से मौत हो गई, जबकि रिठाल फौगाट गांव में खेत में में सो रहे किसान को सांप ने काट लिया। दोनों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिए।
पुलिस के मुताबिक जसिया गांव निवासी 42 वर्षीय मामन सिंह खेती बाड़ी करता था। उसके दो बच्चे हैं। वह शुक्रवार शाम को खेत में गया था। शनिवार सुबह उसका शव जसिया-खिड़वाली माइनर में तैरता मिला। सूचना पाकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद शिनाख्त के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस में ले जाया गया, जहां दोपहर बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस को आशंका है कि किसान मामन पैर फिसलने के कारण ड्रेन के अंदर गिरा है।
धान की फसल की सिंचाई के लिए गया था किसान
रिठाल फौगाट के ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि 45 वर्षीय प्रेम सिंह ने धान की फसल लगाई है। पानी देने के लिए वह खेत में गया था। रात को वहीं बने कोठड़े (कमरे) में सो गया। अंधेरे में उसे सांप ने कांट लिया। इसके चलते उसकी मौत हो गई।