रेलवे के गेटमेन पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाकर एक महिला ने आरोपी के पिता से 10 लाख रुपयों की मांग की। आरोपी युवक के पिता ने महिला की कॉल रिकार्डिंग पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने रिकार्डिंग के आधार पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा रेलवे में गेटमेन के पद पर कार्यरत है। कोरोना महामारी के कारण बेटा घर पर ही रहता था। कुछ समय पहले उसका बेटा गुरुग्राम में अपने जानकारों के पास गया था। वहां पर उसकी एक लड़की से जान पहचान हो गई। जब युवक वापस अपने घर रोहतक आया तो युवती भी रोहतक उसके साथ घर आ गई। परिजनों ने युवती के घर आने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह नौकरी की तलाश में आई है। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर युवक के घर पर पुलिस बुला ली। पुलिस के घर पहुंचने के बाद युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। जिस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया। इसके कुछ दिनों के बाद युवती ने आरोपी युवक के पिता के पास फोन कर उसे 10 लाख रुपयों की मांग की। रुपये न देने पर उसके बेटे को जेल कराने की धमकी दी। इस बात को आरोपी युवक के पिता ने रिकॉर्ड कर लिया और वह रिकॉर्डिंग थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस को सौंप दी। इस पर पुलिस ने युवती के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।