माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक/ सांपला। शहर के दिल्ली रोड पर रविवार सुबह मुर्गिर्यों से भरा कैंटर गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। टक्कर में कैंटर के परिचालक हिसार जिले के गांव कौंथ खुर्द निवासी अजय (21) की मौत हो गई, जबकि चालक जींद जिले के गांव जुलानी निवासी विजय व उसका साथी सोनू घायल हो गए। सांपला थाने में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे सूचना मिली कि गांधरा रोड पर हवेली ढाबे के सामने केंटर व ट्रैक्टर ट्राॅली के बीच टक्कर हो गई हैं। मुर्गियों से भरा कैंटर हिसार से दिल्ली जा रहा था। सामने गलत दिशा से ट्रैक्टर-ट्राॅली आ रहे थे। कैंटर ट्राॅली से कंडक्टर साइड से टकरा गई। टक्कर में अजय की मौके पर ही मौत हो गई। सांपला थाने से पुलिसकर्मी नवीन राठी मौके पर पहुंचे और कैंटर से शव को निकलवाया, जबकि घायल चालक को पीजीआई में ले जाया जा चुका था। हादसे में कई मुर्गियों की भी मौत हो गई। बाकी मुर्गियों को दूसरी गाड़ी से दिल्ली ले जाया गया।
चचेरा भाई बोला, ट्रैक्टर-ट्राॅली आ रहे थे गलत दिशा से
वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे अजय के चचेरे भाई आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके ताऊ जोरा सिंह का लड़का अजय कैंटर पर सहायक की नौकरी करता था। कैंटर में मुर्गी लाने और ले जाने का काम करता था। रविवार सुबह हिसार से माल दिल्ली ले जाया जा रहा था। कैंटर जींद जिले के गांव विजय चला रहा था, जबकि जुलानी का ही युवक सोनू व अजय सहायक के तौर पर थे। सुबह सूचना मिली कि दिल्ली रोड पर गांधरा मोड़ से आगे केंटर की ट्रैक्टर-ट्राॅली से टक्कर हो गई। टक्कर में अजय की मौत हो चुकी थी। उसका शव क्षतिग्रस्त कैंटर के अंदर ही फंसा हुआ था, जबकि घायल विजय व सोनू को पीजीआई ले जाया जा चुका था। हादसा ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से हुआ है, जो गलत दिशा से आ रहा था।