संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। नवरात्र की नवमी और दशमी पर नहरों को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलेगा। सुनो नहरों की पुकार मिशन और सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग 19 व 20 अक्तूबर को लोगों को जागरूक करेगा।
शहर के नहरी पुलों पर स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। वे लोगों को नहरों में पूजा सामग्री, प्लास्टिक व अन्य वस्तुएं प्रवाहित करने से रोकेंगे। साथ ही जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक करेंगे। मिशन के संस्थापक डॉ. जसमेर सिंह ने नहरों को पेयजल का महत्वपूर्ण स्रोत बताया।
उन्होंने कहा कि इन्हें प्रदूषणमुक्त रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यकारी अभियंता रामनिवास के मार्गदर्शन में विभाग का स्टाफ भी पुलों पर तैनात रहेगा। मिशन के वरिष्ठ सदस्य ईश्वर दलाल और राजवीर कालीरमन ने लोगों से अपील की। उन्होंने पीने के पानी वाले रजबहों में कोई सामान न डालने और दूसरों को रोकने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अजय हुड्डा, डॉ. रविंद्र नांदल, साहब सिंह धामड़, रणबीर मलिक, प्रवीण बजाड़, करण सिंह अहलावत, निर्मल पन्नू,अशोक मलिक, किरण साहनी, राजेंद्र दहिया और सुरेश देसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।