रोहतक। पीजीआई कुलपति डॉ. एसएस सांगवान ने कहा कि डॉक्टरों को एक टीमवर्क के साथ कार्य करना चाहिए। डॉक्टर को मरीजों की भाषा में बात करने की कोशिश करनी चाहिए ताकि मरीज डॉक्टर को अपने आप से जुड़ा हुआ महसूस कर सके। वे बुधवार को पीजीआई में नए 124 इंटर्नस के स्वागत के लिए आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बोल रहे थे। कुलपति ने इंटर्नस को नए वर्ष के साथ एमबीबीएस पास करने के लिए बधाई दी और कहा कि अगर हमारा व्यवहार अच्छा है तो हमारी 99 प्रतिशत समस्याएं आसानी से दूर हो सकती है। वे जितनी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे, उतनी ही जल्द ही वे न केवल तरक्की पाएंगे, अपितु मरीजों का दिल जीतने में भी कामयाब रहेंगे। कार्यकारी निदेशक डॉ. वीके जैन ने कहा कि डॉक्टरी का एक पेशा है, जिसमें डॉक्टर को चाहिए कि इलाज प्रक्रिया के दौरान मानवता का पुट अपनी कार्यशैली में लाएं। कार्यक्रम में जयकीर्त भूटानी ने एमबीबीएस में 620 अंक अर्जित कर प्रथम व अर्पिता वारशने ने 610 अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। मौके पर कार्यकारी कुलसचिव डॉ. अशोक चौहान, डेंटल कालेज के प्राचार्य डॉ. संजय तिवारी, डॉ. वरुण अरोड़ा उपस्थित रहे।