रोहतक। अर्बन एस्टेट थाना के अंतर्गत तिलियार लेक के सामने सोमवार देर रात तीन युवकों ने एक राहगीर से मारपीट कर उससे नगदी, सोने की चैन और मोबाइल फोन छीन लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पुलिस ने रात भर लुटेरों की तलाश की, लेकिन इस बारे में पुलिस को कोई भी सुराग नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही चोर अलग-अलग स्थानों से लाखों रुपये का सामान भी चोरी कर ले गए।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात गांव खैरेंटी निवासी रोहतास तिलियार लेक के सामने खड़ा था। इसी दौरान तीन युवक आए और आते ही रोहतास को जान से मारने की धमकी देकर उसे काबू कर लिया। युवकों ने उसकी जेब से करीब चार हजार रुपये, सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद रोहतास ने शोर मचा दिया। इसके बाद लुटेरे वहां से फरार हो गए। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और रोहतास से इस बारे में पता किया। रोहतास ने पुलिस को बताया कि तीनों युवक स्थानीय भाषा बोल रहे थे और उनकी उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच थी। पुलिस रातभर लुटेरों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने रोहतास के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं चोर शिवाजी कालोनी थाना के अंतर्गत जनता कालोनी में स्थित वोडाफोन के टॉवर से हजारों रुपये की बैटरियां चोरी कर ले गए। पुलिस ने टावर के सुरक्षा सुपरवाइजर गांव माजरी निवासी लखीराम की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना के अंतर्गत गांव मकडौली स्थित खेल स्टेडियम से चोर करीब दो लाख रुपये का लोहे का सामान चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।