रोहतक। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसाें में तीन युवकों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां पर दो की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वीरवार रात गांव खरावड़ निवासी रिषीराज बाइक पर रोहतक से वापस गांव जा रहा था। जब वह हनुमान मंदिर के पास पुल पर पहुंचा तो सामने से आ रहे टाटा-407 ने उसे टक्कर मार दी, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सांपला पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी पीजीआई पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर दस स्थित भैणी महाराजपुर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार भैणी महाराजपुर निवासी राजेश की मौत हो गई। महम थाना के अंतर्गत गांव मदीना के पास टाटा-407 की चपेट में आने से गांव मदीना निवासी सूरजभान की मौत हो गई। सूरजभान बाइक पर रेडियो स्टेशन के पास से वापस घर आ रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया। शहर थाना के अंतर्गत हिसार रोड पर ऑटो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल चालक नरेश और उसकी पत्नी घायल हो गए, जिन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया। वहीं सदर थाना के अंतर्गत चमारिया मोड़ के पास कार और बाइक की टक्कर में खिड़वाली निवासी राजेश और उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को पीजीआई में भर्ती कराया।