रोहतक। संजय कालोनी में शनिवार दोपहर को हुई वृद्धा की हत्या के मामले में चौबीस घंटे बीतने के बावजूद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। एसपी राजेश दुग्गल ने मामले के खुलासे के लिए डीएसपी करण गोयल के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की हैं। साथ ही वे स्वयं मामले की निगरानी करेंगे। पुलिस मान रही है कि जिस तरीके से हत्या की गई है उससे साफ है कि हमलावर आसपास क्षेत्र के हो सकते हैं। पुलिस इसी आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।
रविवार को शहर पुलिस की एक टीम ने संजय कालोनी जाकर मृतका शशि खट्टर के परिजनों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस ने घटना से पहले के बारे में पता करने के लिए कालोनी वासियों के भी बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गला रेतने की वजह से वृद्धा की मौत हुई है। शनिवार दोपहर को दिनदहाडे़ संजय कालोनी निवासी शशी खट्टर पत्नी कृष्ण लाल खट्टर की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी और शव को बेड के बॉक्स में डाल दिया था। हमलावर घर से जेवरात लूट ले गए थे।