रोहतक। गोहाना स्टैंड स्थित गुरुचरणपुरा में एक व्यापारी को छह लोगों ने अगवा करने का प्रयास किया। इस दौरान अपहर्ताओं की बंदूक की गोली से उनका ही एक साथी घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में शहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुचरणपुरा निवासी मोनू की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। शुक्रवार दोपहर को वह कार लेकर दुकान से घर जा रहा था। इसी दौरान जब वह गढ़ी मोहल्ला के पास पहुंचा तो गढ़ी मोहल्ला निवासी नरेंद्र, प्रदीप, सचिन, गोला, साहिल व छोटू इनोवा गाड़ी से आए और उसका रास्ता रोक लिया। युवकों ने रिवाल्वर के बल पर उसे बंधक बना लिया और उसे कार से नीचे उतारकर अपनी गाड़ी में बैठाने लगे। जिस पर मोनू ने विरोध किया और झड़प हो गई। झड़प के दौरान उनमें से एक युवक ने गोली चला दी, जो उनके ही साथी छोटू को लगी। साथी को गोली लगने के कारण आरोपियों में हड़कंप मच गया और वे वहां से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गढ़ी मोहल्ला में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके। उधर, पुलिस ने पीजीआई में जाकर घायल छोटू से भी पूछताछ की है ताकि वारदात के कारणों का पता लगाया जा सके।