रोहतक। बापू आसाराम के आश्रम के पास जवाहरलाल कैनाल में एक सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कैनाल से निकलवा कर पीजीआई के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस का मानना है कि युवक की किसी और जगह हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से जवाहरलाल कैनाल में फेंका गया है। पुलिस ने इस संबंध में प्रारंभिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वीरवार दोपहर को कुछ लोगों ने जवाहरलाल कैनाल में एक युवक की सिर कटी लाश देखी। राहगीरों ने इसकी सूचना अर्बन एस्टेट पुलिस को दी। सिर न होने और शव गला-सड़ा होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव की शिनाख्त के लिए अर्बन एस्टेट पुलिस ने अन्य थानों में इस बारे में सूचना दे दी है।