रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय का 33वां इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल यूनिफेस्ट 2013 विवि परिसर में 8 से 10 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ टैगोर सभागार में मंगोलिया के राजदूत सांजासुरेन बरयारा करेंगे। समारोह की अध्यक्षता कुलपति एचएस चहल करेंगे।
यूनिफेस्ट 2013 के लिए चार मंच बनाए जा रहे हैं। टैगोर सभागार में नृत्य और नाटक प्रतियोगिता होगी। अंबेडकर हॉल में गायन और वादन का रंग जमेगा। डीडीई कांफ्रेंस हॉल में साहित्यिक प्रतियोगिताएं होंगी। कला गगन टैगोर सभागार के ऊपरी तल पर ललित कला के इवेंट होंगे। इसके अतिरिक्त संस्कृत एकांकी का आयोजन पं. नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय रोहतक के सभागार में होगा।
इस तीन दिवसीय इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल में 5 खंडों के तहत 36 इवेंट होंगे। यूनिफेस्ट 2013 में 62 महाविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। समारोह के लिए 11 समितियों का गठन किया गया है। युवा कल्याण के निदेशक जगबीर राठी ने बताया कि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राजबीर सिंह इस मेगा इवेंट के संयोजक हैं, और औषध विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. अरुण नंदा आयोजन सचिव हैं।