रेवाड़ी। प्रदेश कांग्रेस सरकार पर विकास में भेदभाव और सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर जमीन घोटाले में आरोप लगाने वाले सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को जिले के खोरी बस स्टैंड पर आयोजित इंसाफ मंच के कार्यक्रम में अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आपातकाल के बाद चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद बाद प्रदेश में हाशिए पर पहुंची कांग्रेस को सहारा देकर खड़ा करने का सिला यह मिला कि अब हमें हाशिए पर धकेलकर कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया गया है। प्रदेश में कांग्रेस की हालत यह है कि यह एक आदमी की पार्टी है और एक क्षेत्र के लोगाें को नौकरी मिलती है। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख प्रवीण चौधरी ने इंसाफ मंच में शामिल होने की घोषणा की।
राव ने कहा कि बेशक इंसाफ मंच सामाजिक संगठन है, लेकिन इसका लक्ष्य प्रदेश की सत्ता हासिल करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नेताओं ने परिसीमन की आड़ में क्षेत्र को कई भागों में बांटकर अहीरवाल के नेतृत्व को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन अब स्थिति यह है कि हमारा भिवानी, महेंद्रगढ़, गुड़गांव, मेवात और रेवाड़ी क्षेत्र में प्रभाव है। राव ने अप्रत्यक्ष तौर पर सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि सम्मान की लड़ाई में साथ जुड़ जाओ, फिर उनके दाव पेच फेल कर दूंगा। राव ने कहा कि 2005 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश में नौकरी, नहरी पानी का समान बंटवारा और समान विकास का नारा देकर चुनाव जीता था, लेकिन सत्तासीन होने के बाद कांग्रेस एक क्षेत्र की होकर रह गई है।
राव ने कहा कि नहरी पानी का मामला तो अदालत में विचाराधीन है, लेकिन हमने सरकार से यह मांग की थी कि बरसाती पानी दोहन और साहबी नदी में छोड़कर क्षेत्र के गिरते भूजल स्तर को रिचार्ज किया जाए लेकिन सरकार ने अहीरवाल को बरसाती पानी भी नहीं दिया है। इस अवसर पर इंसाफ मच में शामिल हुए युवा नेता सुनील राव कोसली वाले, महेंद्रगढ़ कांग्रेस के जिला प्रधान भाई राम सिंह, गुड़गांव के शहरी प्रधान जीएल शर्मा और रेवाड़ी ग्रामीण के जिला प्रधान डा. बनवारी लाल आदि मौजूद थे।