रेवाड़ी। दिल्ली गैंगरेप के बाद पूरे देश में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। इसके बावजूद लोगों की मानसिकता में बदलाव नहीं आया है। क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग दलित युवती ने गांव के सवर्ण जाति के युवक पर बुरी नियत से जबरन पकड़ कर घर में ले जाने और जाति सूचक शब्द कहने के आरोप में धारूहेड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पंचायती स्तर पर फैसला न होने पर मंगलवार घटना की वीरवार को शिकायत की गई।
जांच अधिकारी रणबीर सिंह के अनुसार मंगलवार की शाम 6 बजे दलित युवती किसी कार्य के लिए गांव में जा रही थी। सवर्ण जाति के युवक ने अपने घर के सामने से गुजर रही दलित युवती को बुरी नियत से जबरदस्ती अपने घर में घसीट कर ले जाने का प्रयास किया था। युवती के विरोध करने पर युवक ने उसके जाति सूचक शब्द बोले। अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पक्ष में अपने स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। फैसला न होने पर वीरवार को युवती ने धारूहेड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ नाबालिग को अपहरण करने एससीएसटी एक्ट और नाबालिगों के प्रति यौन शोषण रोकने के कानून के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।