चरखी दादरी। नगर में हो रही वाहनों के टायरों की चोरी की घटनाओं के विरोध में दुकानदाराें और चालकों ने बुधवार को महेंद्रगढ़ चौक पर तीन घ्ंाटे तक जाम लगाया। एसडीएम, डीएसपी और तहसीलदार ने दुकानदारों को समझाया। अधिकारियों ने चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
महेंद्रगढ़ रोड स्थित मेन चौक पर दुकानदारों ने वाहनों के टायरों की बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर जमकर बवाल काटा। दुकानदारों ने बताया कि बीती रात इस क्षेत्र में कई वाहनों के टायर चुरा लिए गए। चार दिन पहले गांव रावलधी के समीप खडे़ तीन ट्रकों के भी टायर चुरा लिए गए थे। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामला दर्ज कर हाथ पर हाथ रखकर बैठ जाती है। इसी कारण हर दिन टायर चोरी की घटनाएं हो रही हैं।
जाम के कारण नारनौल, चंडीगढ़, दिल्ली और हिसार जाने वाले वाहन फंस गए। चौक के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। थाना प्रभारी के समझाने पर जब जाम नहीं खोला तो एसडीएम डा.जेके आभीर, डीएसपी बिजेंद्र सिंह, तहसीलदार रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही चोरी के आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। दुकानदारों ने सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया है।