रोहतक। छोटूराम स्टेडियम में जारी सेना की खुली भर्ती में रोहतक जिले के करीब साढे़ तीन हजार अभ्यार्थी स्टेडियम में पहुंचे। भीड़ को देखते ही सुबह चार बजे ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई। भीड़ इतनी थी कि स्थिति संभालने के लिए जिला पुलिस का सहारा लेना पड़ा। शुरुआती दौर की जांच में 2900 अभ्यार्थी टेस्ट के अगले दौर में स्थान नहीं बना सके।
सोमवार तड़के ही छोटूराम स्टेडियम के बाहर रोहतक जिले के अभ्यार्थी जुटने शुरू हो गए थे। भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल बी. पटनायक ने बताया कि सुबह 3379 अभ्यार्थियों के फार्म जमा हुए। कद कम होने के चलते करीब 108 जवान प्रारंभिक दौर में ही बाहर हो गए। 3271 अभ्यार्थी शारीरिक प्रक्रिया से गुजरे। बेरोजगार युवकों की फौज इतनी है कि स्टेडियम के बाहर हुजुम उमड़ा था। भर्ती अधिकारियों ने स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध कर रखे है। साथ ही स्टेडियम के चारों तरफ कांटेदार तारें लगाई गई हैं। सोमवार को 371 अभ्यार्थी शारीरिक प्रक्रिया में पास हो पाए थे।