रेवाड़ी। जिला के गांव बासदूधा में ग्रामीणों द्वारा आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार देर शाम समापन हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मैच मेजबान बासदूधा व राता गांव की टीम के बीच हुआ, जिसमें राता की टीम ने बासदूधा की टीम को 12 रन से हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। समापन समारोह के मुख्यातिथि युवा समाजसेवी विक्की ठेकेदार ने विजेता टीम को 11 हजार रुपये एवं ट्राफी तथा उपविजेता टीम को 7100 रुपये की नगद राशि देकर पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि समाजसेवी सुशील पंडित व गांव के सरपंच अनिरूद्ध शर्मा ने भी खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यातिथि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को कोई भी खेल अपनी मेहनत के दम पर खेलते हुए अपनी पूरी खेल भावना का परिचय देना चाहिए। इस अवसर पर योगेश बासदूधा, कृष्ण यादव, अमन यादव, विजयपाल मुंशी, कोमल पंडित व नवीन यादव सहित अन्य गण्माण्य लोग भी उपस्थित थे।