संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कोसली थाना पुलिस ने गांव गुड़ियानी में एक मकान के अंदर से पटाखों से भरे 5 कार्टून बरामद किए हैं। इनमें 93 किलो पटाखे भरे थे। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेवाड़ी के गांव मुंदड़ा का रहने वाला रामपाल ने गांव गुड़ियानी स्थित एक मकान के कमरे पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया है। इसी कमरे से वो पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस ग्राहक बनकर उक्त मकान के पास पहुंची और रामपाल से संपर्क साधा। रामपाल उस समय कमरे में ही रखे पटाखे बेच रहा था। पटाखों का ये स्टॉक गांव गुड़ियानी स्थित एक मकान के कमरे में रखा हुआ था। जहां पर एक व्यक्ति खुलेआम पटाखों को बेचते हुए मिला है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के बाद मकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रेवाड़ी सहित एनसीआर में पटाखों पर बैन
दिल्ली और एनसीआर में पटाखों पर पूरी तरह बैन है। कुछ दिन पहले ही डीसी राहुल हुड्डा ने इससे संबंधित आदेश जारी करते हुए तमाम थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे। दीपावली पर भी सिर्फ ग्रीन पटाखे ही चलाने की अनुमति रहेगी। ऐसे में रेवाड़ी पुलिस लगातार छापा मारकर अवैध रूप से स्टॉक कर रखे गए पटाखों को बरामद करने में जुटी हुई है। दो दिन पहले ही सीआईए-2 ने बड़ी मात्रा में बावल कस्बा से पटाखे पकड़े थे।