अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जिले में नवनिर्मित 14वें थाने आईएमटी में कार्य शुरू कर दिया गया। आईएमटी थाने में सांपला, थाना सदर रोहतक व थाना अर्बन एस्टेट का कुछ क्षेत्र जोड़ा गया है। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि थाने में सोमवार से मामले भी दर्ज होने शुरू हो जाएंगे। सोनीपत-रोहतक रोड पर रोहतक के आउटर बाईपास पर थाना आईएमटी की भव्य इमारत का निर्माण किया गया है। जल्द ही पुलिस महानिरीक्षक रोहतक मण्डल रोहतक द्वारा थाना आईएमटी का विधिवत रूप से उद्घाटन किया जाएगा। थाना आईएमटी के क्षेत्र में रहने वाले आमजन किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता या पुलिस सेवा के लिए प्रभारी थाना आईएमटी के मोबाईल नंबर 7082999124 व थाना आईएमटी के मोहर्र थाना के मोबाईल नंबर 7082999180 पर संपर्क कर सकते हैं।
थाना सांपला में आने वाले आईएमटी क्षेत्र, समाधी स्थल, गांव खेड़ी साध, खरावड़, कारौर, चुलियाना, बलियाना, हुमायुंपुर, पोलंगी, मुंगान, बखेता, रुड़की, कंसाला, आसन, थाना अर्बन एस्टेट में आने वाले गांव बोहर माजरा, गढ़ी बोहर, बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी व बाबा मस्तनाथ मठ, तिलियार झील, ओमेक्स सिटी, दिल्ली रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल व इंडस पब्लिक स्कूल व थाना सदर रोहतक में आने वाले गांव भालौठ को शामिल किया गया है।