नागरिक अस्पताल में बाइक से तेल चोरी करते युवक पकड़ा, पुलिस को सौंपा
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार सांय ब्लड बैंक के पास खड़ी बाइक से दो युवक पेट्रोल चोरी करतेे एक युवक को लोगों ने काबू कर लिया। जबकि दूसरा भागने में कामयाब हो गया। हालांकि युवकों ने बाइक का लॉक भी तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन वे कामयाब नहीं हो पाए। तेल निकालने की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार शहर के रानियां रोड निवासी अरुण कुमार नागरिक अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में कार्य करता है। शनिवार को वह रोजाना की भांति बाइक ब्लड बैंक के पास बनी गैलरी में खड़ी कर ड्यूटी करने लैब में चला गया। इसी दौरान दो युवक आए। एक युवक गेट पर खड़ा हो गया, ताकि कोई आए तो उसे सूचित कर दे। जबकि दूसरा युवक पहले तो बोतल लेकर तेल निकालने लगा। इसके बाद बाइक के लॉक को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने दोनों युवकों को देख लिया। व्यक्ति ने शोर मचा दिया। जिसके बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित होना शुरू हो गए। लोगों को एकत्रित होता देखकर युवकों ने भागने की कोशिश की। हालांकि एक युवक भागने में कामयाब हो गया, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ लिया और इसके बाद बाइक के मालिक को बुलाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि दोनों युवक नशेड़ी हैं और दो दिन पूर्व भी अस्पताल परिसर से कोई बाइक चोरी कर ले गए थे। उक्त घटना भी अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। अरुण ने मामले को लेकर जेजे कॉलोनी चौकी में शिकायत भी दी है।
कोट्स
युवक को अस्पताल में बाइक से तेल निकालते हुए लोगों ने पकड़ा है। शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर युवक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
दाताराम, जेजे कॉलोनी चौकी प्रभारी।